Homeऔरंगाबादइलाज से शुरू हुआ विवाद मौत के बाद हिंसक, रफीगंज में अस्पताल...

इलाज से शुरू हुआ विवाद मौत के बाद हिंसक, रफीगंज में अस्पताल और एंबुलेंस में लगाई आग

औरंगाबाद के रफीगंज में युवक की मौत पर बवाल, अस्पताल और एंबुलेंस में लगाई आग

Bihar: औरंगाबाद (रफीगंज)। मरीज के इलाज को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत के बाद बड़े बवाल में बदल गया। पटना में इलाज के दौरान 45 वर्षीय सिकंदर खान की मौत की खबर मिलते ही रफीगंज में आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया। नुनिया टिल्हा स्थित पी. मेमोरियल अस्पताल में तोड़फोड़ करने के बाद क्लीनिक में आग लगा दी गई। इतना ही नहीं, अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद रफीगंज-गया मुख्य सड़क पर आगजनी कर लोगों ने आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS news

मामले की शुरुआत मंगलवार की देर रात हुई थी। जानकारी के अनुसार, चरकूपा गांव निवासी सिकंदर खान गुलजार बिगहा के एक मरीज को इलाज के लिए नुनिया मोहल्ला स्थित पी. मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल संचालक डॉ. रंजीत यादव ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर सिकंदर खान और चिकित्सक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और रॉड से मारपीट होने लगी। इस दौरान सिकंदर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। हालांकि, गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर पहुंचते ही अस्पताल पर टूटा ग्रामीणों का गुस्सा

गुरुवार को सिकंदर खान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। आक्रोशित भीड़ ने अस्पताल में घुसकर सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और आगजनी शुरू कर दी। अस्पताल की एंबुलेंस को भी जला दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने नुनिया टिल्हा के समीप सड़क पर आगजनी कर रफीगंज-गया पथ को जाम कर दिया। आक्रोशित लोग घटना के आरोपितों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। आग बुझाने पहुंचे अग्निशमन वाहन में भी तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है। हालात ऐसे हो गए कि अग्निशमन कर्मियों को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मियों और पत्रकारों के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई।

पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में पांच घंटे बाद शांत हुआ मामला

हंगामे की सूचना पर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान वार्ड पार्षद नुरूल होडा खान, शमू खान, मो. सुहैल, मो. जुबैर, पूर्व मुखिया शाहजादा शाही और फहद शाही समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने और अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद लगभग पांच घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त कराया जा सका।

चिकित्सक और कंपाउंडर हिरासत में

रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मामले में चिकित्सक डॉ. रंजीत कुमार और कंपाउंडर सौरभ कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल सड़क जाम और उपद्रव के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। घटना के बाद रफीगंज में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। एक ओर व्यक्ति की मौत से परिजनों में मातम है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments