Home भोजपुर इंस्टाग्राम विवाद बना मौत की वजह: प्रेमिका की शर्त पर इंटर छात्र...

इंस्टाग्राम विवाद बना मौत की वजह: प्रेमिका की शर्त पर इंटर छात्र का अपहरण कर गला दबाकर हत्या

16 वर्षीय इंटर छात्र सन्नी कुमार का अपहरण कर गला दबाकर हत्या

Bihar,आरा (भोजपुर): सोशल मीडिया पर हुए विवाद ने एक इंटर के छात्र की जिंदगी छीन ली। नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड से अपहृत 16 वर्षीय इंटर छात्र की बेरहमी से हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने मृतक का शव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया रेलवे अंडरपास पुल के समीप से बरामद किया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान बड़हरा थाना क्षेत्र के एकवना गांव वार्ड संख्या नौ निवासी दुकानदार उपेन्द्र कुमार सिंह के पुत्र सन्नी कुमार सिंह के रूप में हुई है। सन्नी इंटर का छात्र था और वर्तमान में उसका परिवार नगर थाना क्षेत्र के धनुपरा में रह रहा था। शव पर कई स्थानों पर चोट के हल्के निशान पाए गए हैं। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकरपोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई। मृतक के चचेरे भाई संदीप कुमार के अनुसार, फरीदाबाद निवासी अंकिता नामक युवती का पहले सन्नी के एक चचेरे भाई से प्रेम-प्रसंग था, जिसका सन्नी विरोध करता था। बाद में अंकिता का संबंध बादल नामक युवक से हो गया। इसी बीच किसी बात को लेकर सन्नी ने इंस्टाग्राम पर अंकिता को गाली दे दी, जिससे नाराज होकर अंकिता ने अपने प्रेमी बादल को सन्नी की हत्या के लिए उकसाया। आरोप है कि अंकिता ने शादी की शर्त रखते हुए सन्नी को मारने का दबाव बनाया।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सन्नी अपने दोस्त धर्मवीर के साथ केजी रोड स्थित गणित की कोचिंग के लिए निकला था। इसी दौरान उसे जबरन बाइक पर बैठाकर गड़हनी की ओर ले जाया गया। रास्ते में सन्नी ने अपने भाई मंदीप को फोन कर बताया कि उसकी हत्या की सुपारी दी गई है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें सन्नी को जबरन बाइक पर ले जाते देखा गया। बाद में आरोपी बादल की गिरफ्तारी के बाद उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की। शव को साक्ष्य मिटाने के लिए नहर में फेंक दिया गया था। पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version