Home रोहतास अर्धनिर्मित टंकी बनी मौत का कुआं, खेलते-खेलते डूबे दो मासूम भाई-बहन

अर्धनिर्मित टंकी बनी मौत का कुआं, खेलते-खेलते डूबे दो मासूम भाई-बहन

रोहतास में दर्दनाक हादसा: अर्धनिर्मित टंकी में डूबे दो मासूम भाई-बहन

Bihar: रोहतास जिले के तेंदुनी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के पास खेल रहे दो मासूम भाई-बहन पानी से भरी अर्धनिर्मित शौचालय की टंकी में जा गिरे। हादसे में दोनों की डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चों की उम्र करीब 5 और 6 वर्ष बताई जा रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इसी टंकी में डूबने से मौत हुई है
इसी टंकी में डूबने से मौत हुई है

जानकारी के अनुसार, तेंदुनी निवासी अफजल हक के दोनों बच्चे शुक्रवार को घर के समीप खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते वे करीब पांच वर्षों से अधूरी पड़ी शौचालय की टंकी के पास पहुंच गए। टंकी में बारिश का पानी जमा था और उसका मुंह खुला हुआ था। इसी दौरान दोनों बच्चे अचानक टंकी में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए। परिजनों को हादसे की जानकारी तब हुई, जब वे नमाज पढ़कर वापस घर लौटे। बच्चों को आसपास नहीं देखकर खोजबीन शुरू की गई। इसी बीच टंकी में बच्चों के गिरने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों मासूमों को टंकी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृत बच्चों के दादा शमशुल हक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। हादसे के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, जिस अर्धनिर्मित टंकी में दोनों बच्चे डूबे हैं, वह करीब पांच वर्षों से अधूरी अवस्था में पड़ी है। टंकी में बारिश का पानी जमा रहता है और उसके खुले होने के कारण खतरा बना हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी एक बच्चा टंकी में गिर गया था, हालांकि उस समय उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया था। दो मासूमों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, घटना को लेकर थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को इस घटना की सूचना नहीं मिली है।

 

Exit mobile version