Home दुर्गावती 14 दिन तक जिंदगी से जूझता रहा अभिषेक, आखिरकार हार गया जिंदगी...

14 दिन तक जिंदगी से जूझता रहा अभिषेक, आखिरकार हार गया जिंदगी की जंग; एक ही हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत

दुर्गावती सड़क हादसा: 14 दिन बाद अभिषेक की मौत, दो चचेरे भाइयों की गई जान

Bihar: दुर्गावती, एक सड़क हादसे ने दो परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। 9 नवंबर की रात हुए भीषण हादसे में घायल एक और युवक की मौत हो गई। जिंदगी और मौत के बीच करीब 14 दिनों तक संघर्ष करने के बाद अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू ने सोमवार की रात वाराणसी के ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली। इस दुर्घटना में उसके चचेरे भाई राहुल शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक ही हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत से कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के खामीदौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

खामिदौरा गांव में  मौत के बाद लोगों की भीड़
खामिदौरा गांव में मौत के बाद लोगों की भीड़

एक बाइक पर सवार थे तीन युवक, खजुरा के पास हुआ था हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, खामीदौरा गांव निवासी बाबूलाल ठाकुर के करीब 25 वर्षीय पुत्र राहुल शर्मा, सुभाष ठाकुर के करीब 23 वर्षीय पुत्र अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू और खड़सरा गांव निवासी शिवकुमार सिंह कुशवाहा के करीब 24 वर्षीय पुत्र महेश कुमार कुशवाहा बीते 9 नवंबर की रात लगभग 9:30 बजे एक ही बाइक पर सवार होकर उत्तर प्रदेश के नौबतपुर की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर खजुरा के समीप उनकी बाइक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि राहुल शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अभिषेक और महेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

वाराणसी में 14 दिनों तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू की हालत नाजुक देखते हुए परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। वहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था। परिजन और रिश्तेदार लगातार उसके ठीक होने की उम्मीद लगाए बैठे थे। करीब दो सप्ताह तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद सोमवार की रात उसकी सांसें थम गईं। अभिषेक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में उसकी सलामती की दुआएं मांगी जा रही थीं, वहां एक बार फिर चीख-पुकार गूंजने लगी।

राहुल की मौत का गम भी नहीं भूले थे परिजन, दूसरी खबर ने तोड़ दिया हौसला

इस हादसे की सबसे दुखद पहलू यह है कि जान गंवाने वाले राहुल शर्मा और अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू आपस में चचेरे भाई थे। दोनों के परिवार एक-दूसरे के बेहद करीब थे और पड़ोसी भी थे। 9 नवंबर को राहुल की मौत के बाद से ही दोनों परिवार गहरे सदमे में थे। परिजनों को उम्मीद थी कि गंभीर रूप से घायल अभिषेक स्वस्थ होकर घर लौट आएगा, लेकिन 14 दिनों बाद उसकी मौत ने परिवार की सारी उम्मीदें तोड़ दीं। एक ही दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की असमय मौत ने पूरे खामीदौरा गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। इस हृदयविदारक घटना से हर कोई स्तब्ध है और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए लोग उनके घर पहुंच रहे हैं।

 

Exit mobile version