Homeजहानाबादस्मैक तस्करों से मुठभेड़ के बाद लापता पुलिस जवान की नदी में...

स्मैक तस्करों से मुठभेड़ के बाद लापता पुलिस जवान की नदी में मिली लाश, चार संदिग्ध गिरफ्तार

जहानाबाद में लापता टाइगर मोबाइल जवान का शव बरामद, 4 गिरफ्तार

Bihar: जहानाबाद में नशीले पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान लापता हुए टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर का शव शुक्रवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां के समीप दरधा नदी से बरामद किया गया। जवान का शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के पीछे स्मैक तस्करों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

शव मिलने की सूचना पर मगध प्रक्षेत्र के आइजी विकास वैभव और जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच की और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। एसपी ने जवान का शव बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, जवान की तलाश गुरुवार रात से ही की जा रही थी। शुक्रवार को दरधा नदी में उसका शव मिला। जांच के दौरान जवान की सर्विस पिस्टल, मोबाइल फोन, हाथ में पहनी अंगूठी और पैंट की पिछली जेब में रखा पर्स भी सुरक्षित बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर उसकी सूची तैयार की है। हथियार और अन्य निजी सामान सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस लूटपाट के बजाय हत्या की आशंका समेत दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है। हालांकि, जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जवान को पहले मारकर नदी में फेंका गया या उसकी मौत पानी में डूबने से हुई।

एसएस कॉलेज के पास स्मैक सप्लायर को पकड़ने के दौरान हुई थी झड़प

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गया जिले के बेलागंज से एक स्मैक सप्लायर जहानाबाद में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने आ रहा है। सूचना मिलने के बाद नगर थाना के तीन टाइगर मोबाइल जवान उसे पकड़ने के लिए एसएस कॉलेज के समीप पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों को देखते ही सप्लायर और उसके साथ मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। जवानों ने आरोपित को पकड़ने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान विरोध के बावजूद पुलिस के दो जवानों ने बेलागंज निवासी सप्लायर को पकड़ लिया और उसे थाने ले आए। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्य मौके से भाग निकले। इसी घटनाक्रम और अफरातफरी के बीच टाइगर मोबाइल जवान धनेश्वर लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद पुलिस टीम लगातार तलाश में जुटी थी। काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार को उनका शव दरधा नदी से बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि जवान के लापता होने और बाद में नदी से शव मिलने के बीच क्या घटनाक्रम हुआ था। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान, उनकी भूमिका और जवान की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments