Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार यह मामला 5 जुलाई 2026 का है। चैनपुर कस्बा मोहल्ला निवासी हबीब खान, पिता स्वर्गीय नासिर खान, अपने मकान की चारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान तीन लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की। जब रंगदारी की मांग पूरी नहीं की गई तो आरोपियों ने निर्माणाधीन दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने चैनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर तीन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी, लेकिन सभी आरोपी फरार चल रहे थे। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की सुबह छापेमारी कर आरोपी बाबर खान को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना लाने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले के शेष दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



