Bihar/Nawada: नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत फालडू गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के परिजनों ने अवैध संबंध के शक में हत्या का आरोप लगाते हुए युवक की पत्नी और उसके जीजा को जिम्मेदार ठहराया है। मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान जादूपुर गांव निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार राहुल की शादी 22 फरवरी 2023 को फालडू गांव की प्रियंका कुमारी से हिंदू रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही वैवाहिक जीवन में तनाव शुरू हो गया था।
मृतक के भाई रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल की पत्नी का अपने ही जीजा के साथ अवैध संबंध था, जिसका राहुल लगातार विरोध करता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रोहित का कहना है कि शादी के करीब छह महीने बाद से ही घर में कलह का माहौल बना हुआ था।
परिजनों के मुताबिक सोमवार को राहुल अपने ससुराल फालडू गांव गया था। इसके दो दिन बाद बुधवार को अचानक सूचना मिली कि राहुल की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई द्वारा नारदीगंज थाना में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में डीएसपी राहुल कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल मृतक की पत्नी सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।



