Homeकैमूरमजदूरों की मजदूरी लेकर निकले ठेकेदार पर चाकू से हमला, 35 हजार...

मजदूरों की मजदूरी लेकर निकले ठेकेदार पर चाकू से हमला, 35 हजार रुपये लूटने का आरोप

कैमूर में ठेकेदार पर चाकू से हमला, 35 हजार रुपये छीनने का आरोप

Bihar: कैमूर जिले में दिनदहाड़े एक मकान निर्माण ठेकेदार पर चाकू और लाठी-डंडे से हमला कर 35 हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। घटना भभुआ थाना क्षेत्र के दतियांव गांव में मंदिर के पास की बताई जा रही है। हमले में ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। पीड़ित ने दो लोगों को नामजद करते हुए भभुआ थाने में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मजदूरों को भुगतान करने जा रहा था ठेकेदार

घायल की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव निवासी सिपाही पासवान के पुत्र दिवाकर पासवान के रूप में हुई है। दिवाकर मकान निर्माण का ठेका लेकर काम कराते हैं। पीड़ित के अनुसार, उन्हें अपने यहां काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी का भुगतान करना था। इसी सिलसिले में वह बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने गांव से 35 हजार रुपये लेकर निकले थे।

मंदिर के पास बैठे युवकों पर हमले का आरोप

पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि जब वह दतियांव गांव पहुंचे, तो मंदिर के पास बैठे राहुल पासवान और सोनू पासवान ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडे और चाकू से वार किए। इस दौरान उनके शरीर पर चार जगह चाकू लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया

दिवाकर पासवान के मुताबिक, हमला करने के बाद आरोपित उनके पास मौजूद 35 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल ठेकेदार को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार किया।

दो लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पीड़ित ने भभुआ थाने पहुंचकर राहुल पासवान और सोनू पासवान के खिलाफ नामजद आवेदन दिया और कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि दतियांव गांव में एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली है। पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, रुपये छीनने और हमले में आरोपितों की संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments