Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
12 महीने के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद
घायल साइट इंचार्ज की पहचान सुधीर कुमार, पिता जगदीश सिंह त्यागी के रूप में हुई है। वह भारतमाला परियोजना के एनसी पैकेज-2 के अंतर्गत सब एजेंसी सबर इंफ्रा प्रोजेक्ट से जुड़ी सारस इंफा प्रोजेक्ट में चैनपुर में साइट इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को दिए आवेदन में सुधीर कुमार ने बताया है कि फरीद खान, पिता हामिद खान, पिछले करीब 12 महीनों से उनके यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। सुधीर कुमार के अनुसार, उसके पूरे 12 महीने का भुगतान पहले ही कर दिया गया था। इसके बावजूद दोबारा पैसों की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया।
फोन कर बुलाए गए लोग, फिर शुरू हुई मारपीट
आवेदन के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे फरीद खान केवा नहर के समीप स्थित कैंप में पहुंचा। आरोप है कि वहां पहले से विवाद करने की मंशा से पहुंचे व्यक्ति ने मोबाइल फोन के जरिए 8 से 10 अन्य लोगों को भी बुला लिया। इसके बाद दोबारा पैसों की मांग की गई। सुधीर कुमार द्वारा भुगतान करने से इनकार किए जाने पर सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। सिर और कमर में भी चोट लगी।
जेब से नकदी और सोने की चेन छीनने का आरोप
साइट इंचार्ज ने अपने आवेदन में मारपीट के दौरान जेब में रखे 10 हजार रुपये और करीब 15 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन लेने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद उन्होंने मामले की सूचना चैनपुर पुलिस को दी और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मामले में जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि भारतमाला परियोजना के कार्य से जुड़े साइट इंचार्ज के साथ पैसों के विवाद में मारपीट किए जाने को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
संपादकीय नोट: खबर में मारपीट, नकदी और सोने की चेन छीनने से संबंधित बातें शिकायतकर्ता के आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित हैं।



