Homeभगवानपुरदो दिनों से लापता युवक का सुवरन नदी में मिला शव, मौत...

दो दिनों से लापता युवक का सुवरन नदी में मिला शव, मौत की गुत्थी उलझी

Bihar: कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब राजर्षि शारीवाहन डिग्री कॉलेज के पीछे सुवरन नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान 24 वर्षीय राहुल शर्मा, पिता मदन शर्मा, निवासी खीरी गांव के रूप में हुई है। युवक मूल रूप से रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला था। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, युवक की मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताते हुए हत्या की आशंका भी व्यक्त की है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

गुरुवार को घर से निकला था युवक, फिर नहीं लौटा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल शर्मा बीते गुरुवार की सुबह करीब सात बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने सुबह करीब दस बजे उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने खीरी गांव सहित आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भी युवक की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच शनिवार की सुबह करीब आठ बजे राजर्षि शारीवाहन डिग्री कॉलेज के पीछे सुवरन नदी में उसका शव तैरता दिखाई दिया। नदी किनारे ह्यूम पाइप के समीप युवक के कपड़े भी बरामद हुए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुणे में करता था नौकरी, तीन महीने पहले आया था गांव

मृतक के छोटे भाई कृष शर्मा ने बताया कि राहुल पुणे में नौकरी करता था और करीब तीन महीने पहले ही घर आया था। परिजनों के मुताबिक परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और राहुल का किसी के साथ कोई विवाद भी नहीं था। हालांकि, छोटे भाई ने भाई की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। बताया जाता है कि मृतक के पिता मदन शर्मा मूल रूप से रोहतास जिले के नासरीगंज बाजार के निवासी हैं। वे पिछले करीब 20 वर्षों से खीरी गांव में किराये के मकान में रहते हैं और खीरी बाजार स्थित मोबाइल टावर में वॉचमैन के रूप में कार्यरत हैं।

पुलिस को डूबने की आशंका, हत्या के बिंदु पर भी जांच

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा और सब इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नदी में डूबने से होने की आशंका प्रतीत हो रही है। शव पर दिखाई दे रहे कुछ जख्म जलजीवों द्वारा नोचे जाने के कारण भी हो सकते हैं। परिजनों से पूछताछ में युवक के कभी-कभार शराब सेवन करने की बात सामने आई है। ऐसी संभावना है कि नशे की स्थिति में नदी में जाने के कारण वह डूब गया हो। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में डूबने और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। खबर लिखे जाने तक पुलिस शव का मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेजने की प्रक्रिया में जुटी थी। घटनास्थल पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments