Homeऔरंगाबाददो करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ चार गिरफ्तार, औरंगाबाद में मादक...

दो करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ चार गिरफ्तार, औरंगाबाद में मादक पदार्थों के बड़े नेटवर्क का खुलासा

औरंगाबाद में 2 करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

Bihar: औरंगाबाद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोह थाना क्षेत्र के बाजार वर्मा गांव में संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन वयस्क और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 950 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और एक बाइक के अलावा तीन मोबाइल फोन तथा 8,400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बाजार वर्मा गांव निवासी रामावतार यादव के पुत्र आशुतोष कुमार, अखिलेश पासवान के पुत्र सिद्धू कुमार और लखन यादव के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, चौथे आरोपित के नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

गुप्त सूचना पर गांव में पहुंची एसटीएफ की टीम

दाउदनगर एसडीपीओ चंद्रभूषण के अनुसार, सोमवार शाम पुलिस और एसटीएफ को सूचना मिली थी कि बाजार वर्मा गांव में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ की विशेष टीम ने गोह थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल और वाहनों से खुलेगा तस्करी का राज

कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। जब्त किए गए मोबाइल फोन और वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि मादक पदार्थ की खरीद, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर तक फैला हो सकता है।

गोह क्षेत्र में सक्रिय था तस्करी गिरोह

एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित गोह इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे। पूछताछ के दौरान उनसे कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच का मुख्य केंद्र ब्राउन शुगर की आपूर्ति करने वाले स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments