Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, नागेंद्र राम की तीसरी बेटी नेहा कुमारी की शादी पटना के पुनाई चक्र निवासी गोलकुल राम के पुत्र रंजन कुमार के साथ तय हुई थी। 21 तारीख को तिलक समारोह भी संपन्न हो चुका था और 26 तारीख को बारात देवरा मठ गांव पहुंची। बारात के स्वागत के बाद जब दूल्हे को द्वार पूजा के लिए लाया गया, तो वह कथित रूप से नशे की हालत में लड़खड़ाने लगा। यह देखकर लड़की पक्ष को शक हुआ कि दूल्हा शराब के प्रभाव में है। जब यह बात दुल्हन तक पहुंची, तो उसने तुरंत शादी से इनकार कर दिया।
दुल्हन के इस फैसले के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके की नजाकत को देखते हुए कई बाराती चुपचाप वहां से निकल गए। वहीं लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को रोक लिया और शादी में दिए गए खर्च व सामान की वापसी की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को छुड़ाकर थाने ले गई। दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां आपसी बातचीत के जरिए पैसे और सामान लौटाने को लेकर चर्चा जारी है। हालांकि दूल्हे का कहना है कि उसने कोई नशा नहीं किया था, बल्कि किसी कारण से उसका संतुलन बिगड़ गया था, जिससे गलतफहमी पैदा हुई। इधर, दुल्हन द्वारा शराब के शक में दूल्हे को ठुकराने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग लड़की के इस साहसिक फैसले की सराहना कर रहे हैं।



