Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हाटा नगर पंचायत के केशव नगर और चैनपुर बाजार के साथ हरसू ब्रह्मधाम में भी नवरात्रि के पहले दिन से ही मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और दुर्गा सप्तशती पाठ की परंपरा रही है। इन स्थलों पर पंडाल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। पूजा समितियों की ओर से आयोजन की तैयारियां पूरी करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
केशव नगर में पूरी हुईं तैयारियां
हाटा नगर पंचायत क्षेत्र में चार प्रमुख स्थानों पर पंडाल बनाकर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इनमें केशव नगर का पूजा स्थल विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जहां कई वर्षों से नवरात्रि के प्रथम दिन से ही विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाती रही है। केशव नगर मां दुर्गा पूजा समिति के सदस्य नीरज जायसवाल और तुलसी प्रसाद सेठ ने बताया कि इस वर्ष भी पूजा आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल पंडाल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने के साथ ही पूजा-अर्चना शुरू कर दी जाएगी। दुर्गा पूजा को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की सक्रियता और पंडालों की तैयारियों से क्षेत्र में उत्सव का माहौल बनने लगा है। अब श्रद्धालुओं को नवरात्रि शुरू होने और मां दुर्गा के दर्शन का इंतजार है।



