Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब एक बजे सूचना मिली थी कि धनसराय गांव में प्रिंस यादव अपने मुर्गी फार्म के पास एक कमरे में चार-पांच लोगों के साथ शराब पार्टी कर रहा है। पार्टी में नर्तकियों को भी बुलाए जाने की सूचना थी। इनमें से एक नर्तकी के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। टीम में दुर्गावती थानाध्यक्ष, महिला पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने धनसराय पहुंचकर बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान आनंद उर्फ आनंद गुप्ता, निवासी बहारन, थाना धीना, जिला चंदौली और गौतम कुमार, निवासी जमनियां, जिला गाजीपुर को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो विधि-विरुद्ध बालकों को पुलिस ने निरुद्ध किया। पुलिस ने इस मामले में दुर्गावती थाना में कांड दर्ज कर लिया है, मौके से दो साउंड बॉक्स, दो मोटरसाइकिल, शराब की एक बोतल और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



