Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई पीडीडीयू-गया रेलखंड पर बहेरा रेलवे क्रॉसिंग से पहले दुर्गावती नदी के किनारे की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक वहां संदिग्ध परिस्थितियों में जुटे हैं और चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गावती थाना क्षेत्र के चिलबिली गांव निवासी पीपी कुमार, पिता हरिनाथ खरवार, कोमल कुमार, पिता कानू खरवार तथा ऋषि कुमार, पिता पीपी कुमार के रूप में हुई है। वहीं चौथा आरोपी रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के कांडा डीह टोला निवासी विक्की बाबू, पिता देवनारायण खरवार बताया गया है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक लोहे का रॉड और एक हेक्सा ब्लेड बरामद किया। पुलिस इन सामानों को संभावित आपराधिक वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के रूप में देख रही है। मामले में दुर्गावती थाना प्रभारी विजय प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में संभावित आपराधिक गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।



