Bihar, Kaimur (Mohania): बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे ग्रामीणों को बुधवार को अपराधियों ने निशाना बनाया। मोहनियां थाना क्षेत्र के सदासपुर गांव के समीप जीटी रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूटने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की मौजूदगी के कारण वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

डुमरपोखर गांव निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि वे अपने पिता राम अवतार सिंह और एक फुफेरे भाई के साथ भारतीय स्टेट बैंक, मोहनियां शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार अपराधी उनका पीछा करने लगे।
सदासपुर गांव के पास जीटी रोड पर बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। एक अपराधी ने पैर से मारकर उनकी बाइक को गिरा दिया, जिससे उनके पिता राम अवतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नरेंद्र सिंह को भी हल्की चोटें आईं। घटना के समय आसपास से गुजर रहे यात्रियों की नजर पड़ते ही दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। इस वजह से नकदी सुरक्षित बच गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल राम अवतार सिंह को अनुमंडल अस्पताल मोहनियां ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट को देखते हुए सिटी स्कैन की सलाह दी और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मामले को लेकर मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सदासपुर के समीप बाइक सवार अपराधियों द्वारा पैसे झपटने का प्रयास किया गया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। अभी तक घायल की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, फिर भी पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई में जुटी हुई है।