Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रामपुर गांव निवासी अंजू देवी, पति पिंटू बिंद ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि दोपहर करीब तीन बजे वह अपने दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान गांव के रमाकांत बिंद, सिंहासन बिंद, मुन्नी बिंद, बब्बन बिंद और सुनील बिंद वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। महिला के मुताबिक, जब उसने इसका विरोध किया तो सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आवेदन के अनुसार, मारपीट के दौरान महिला घायल हो गई। शोर सुनकर उसके ससुर रामू बिंद मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी और हाथ टूट गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को बचाया। इसके बाद महिला और उसके ससुर चैनपुर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। इलाज कराने के बाद महिला ने थाने में लिखित शिकायत दी। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल महिला और उसके ससुर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। उपचार के बाद प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



