Homeरोहतासएयरपोर्ट की संभावनाओं को लेकर डीएम ने किया स्थल निरीक्षण

एयरपोर्ट की संभावनाओं को लेकर डीएम ने किया स्थल निरीक्षण

चेनारी में एयरपोर्ट की जमीन का निरीक्षण, डीएम ने लिया स्थल का जायजा

Bihar: रोहतास जिले में हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज होती दिखाई दे रही है। शनिवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने चेनारी प्रखंड के सबराबाद क्षेत्र का दौरा कर एयरपोर्ट निर्माण के लिए संभावित जमीन का जायजा लिया। डीएम ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित स्थल की भौगोलिक स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एयरपोर्ट के लिए भूमि का निरीक्षण करते पदाधिकारी
एयरपोर्ट के लिए भूमि का निरीक्षण करते पदाधिकारी

स्थल निरीक्षण के दौरान प्रशासन की टीम ने उपलब्ध भूमि के रकबे, जमीन की प्रकृति, आसपास की भौगोलिक स्थिति, सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं की जानकारी जुटाई। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और संबंधित कर्मियों से प्रस्तावित स्थल से जुड़ी विभिन्न जानकारियां हासिल कीं। निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने चेनारी के अंचलाधिकारी को संभावित एयरपोर्ट स्थल से संबंधित भूमि का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से जुटाई जा रही जानकारी के आधार पर आगे की प्रक्रिया को गति देने की तैयारी है।

डीएम ने कहा कि जिले में एयरपोर्ट बनने से रोहतास की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिल सकती है। इससे व्यापार और उद्योग के विस्तार के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। हवाई सेवा उपलब्ध होने से जिले के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों तक बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों का आवागमन भी आसान हो सकता है। प्रशासन ने स्थल के निरीक्षण के दौरान हाईवे से कनेक्टिविटी को भी प्रमुखता से देखा। एयरपोर्ट के लिए जमीन की उपलब्धता के साथ सड़क संपर्क और अन्य तकनीकी मानकों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी जुटाने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मोहम्मद जफर हसन, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments