Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ा हाईवा
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे एनएच-19 की दक्षिणी लेन में पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान पूर्व दिशा से दुर्गावती की ओर से आ रहा हाईवा पश्चिम दिशा में कर्मनाशा की तरफ जा रहा था। धनेछा के कालका होटल के पास पहुंचते ही हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद चालक केबिन के अंदर ही फंस गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
कटर से गेट काटकर चालक को निकाला गया बाहर
घायल चालक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के खराटी गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सोनू यादव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अंदर ही फंसा हुआ था। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः कटर की मदद से हाईवा का गेट काटा गया, जिसके बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। इस दुर्घटना में चालक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
रेस्क्यू किए जाने के बाद घायल सोनू यादव को तत्काल दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चोट की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल इस सड़क दुर्घटना के बाद एनएच-19 पर कुछ देर तक लोगों की आवाजाही और राहत कार्य को लेकर हलचल बनी रही।



