Home चैनपुर इंस्टाग्राम पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, चैनपुर पुलिस ने तीन युवकों...

इंस्टाग्राम पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, चैनपुर पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा

चैनपुर में इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने वाले 3 युवक गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना चार युवकों को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ युवकों की तस्वीर वायरल होने की सूचना मिलने के बाद चैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल चौथे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को इंस्टाग्राम पर चार युवकों की हथियार के साथ तस्वीर वायरल होने की जानकारी मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष ने वायरल तस्वीर की जांच शुरू की। तकनीकी माध्यम से तस्वीर में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की गई। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमांव गांव निवासी धनंजय सिंह के पुत्र बिट्टू पटेल, हीरामन सिंह के पुत्र विपुल पटेल और विशाल पटेल के रूप में हुई। वहीं, चौथे युवक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के लसाड़ी गांव निवासी वीरेंद्र ठाकुर के पुत्र विपिन ठाकुर के रूप में की गई।

पहचान सामने आने के बाद पुलिस टीम ने अमांव गांव में छापेमारी कर बिट्टू पटेल, विपुल पटेल और विशाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि विपिन ठाकुर पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, वायरल तस्वीरें इंस्टाग्राम की दो अलग-अलग आईडी से प्रसारित की गई थीं। मामले में गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत चैनपुर थाना कांड संख्या 258/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन या हथियार के साथ फोटो-वीडियो प्रसारित करना कानून के दायरे में अपराध है। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Exit mobile version