Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय युवती गोबर फेंकने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के पिता ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर मनीष कुमार शर्मा नामक युवक पर शादी की नीयत से उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। आवेदन में युवती के साथ घर से करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ले जाने की बात भी कही गई थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस द्वारा संबंधित युवक के परिजनों पर दबाव बनाया जा रहा था। इसी बीच युवक और युवती दोनों अचानक चैनपुर थाने पहुंच गए। युवती के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि युवती के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा था। इसी दौरान युवक और युवती थाने पहुंचे हैं। दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। न्यायालय के आदेश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



