Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मंदिर जाने के रास्ते में हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड के जमशेदपुर से श्रद्धालु निजी वाहन से चैनपुर पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल पर गाड़ी खड़ी की और पैदल मंदिर की ओर जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में मौका देखकर एक युवक ने महिला के गले से सोने की दो चेन झपट ली और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर उनके साथ मौजूद व्यक्ति ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि, युवक हाथ छुड़ाकर भागने लगा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान एक सोने की चेन बरामद हुई, लेकिन दूसरी चेन नहीं मिली। श्रद्धालु के अनुसार, चोरी गई चेन की कीमत करीब 1 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है।
पार्किंग की व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी
घटना के बाद पार्किंग स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि पार्किंग स्थल पर शौचालय, पेयजल और पर्याप्त रोशनी जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना आवश्यक है। श्रद्धालुओं के अनुसार, पूर्व के वर्षों में नवरात्रि के दौरान पार्किंग स्थल पर रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार इन सुविधाओं का अभाव देखने को मिल रहा है। लोगों ने मंदिर आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत बताई।
न्यास समिति ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
श्री हरसू ब्रह्म स्थान न्यास समिति के सचिव वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि समिति की ओर से पूर्व की तरह नवरात्रि के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। उचित शुल्क पर पार्किंग संचालन की जिम्मेदारी सुनील हलवाई को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटवा दिया। इसके बाद पुलिस प्रशासन स्वयं पार्किंग की देखरेख कर रहा है। उन्होंने कहा कि घटना मंदिर परिसर के बाहर हुई है, लेकिन पार्किंग के नजदीक इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पार्किंग स्थल तथा मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। साथ ही वाहनों को सीधे मंदिर परिसर तक जाने से रोकने की आवश्यकता जताई, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने के लिए थानाध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाए जाने के कारण पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी।