Home चैनपुर हरसू ब्रह्म धाम से हाटा बाजार तक निकला फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों...

हरसू ब्रह्म धाम से हाटा बाजार तक निकला फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी

कैमूर: हरसू ब्रह्म धाम से हाटा बाजार तक निकला फ्लैग मार्च

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार को प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ के नेतृत्व में निकला यह फ्लैग मार्च चैनपुर बस स्टैंड से शुरू होकर हरसू ब्रह्म धाम परिसर, हाटा बाजार, मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों से गुजरा। इस दौरान प्रशासन ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), संबंधित थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और बिना पुष्टि के ऐसी खबरों को आगे साझा नहीं करने की अपील की। वहीं, सोशल मीडिया और अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक एवं भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों पर भी प्रशासन और साइबर सेल की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

श्रद्धालुओं और दुकानदारों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों और हरसू ब्रह्म धाम में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत करने की पहल की गई।

 

Exit mobile version