Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार कमड्डी गांव निवासी प्रभाष कुमार सिंह की पुत्री स्वीटी कुमारी की शादी भागलपुर जिले के बाथ गांव निवासी राजेश कुमार रंजन के पुत्र सौरभ कुमार रंजन से तय हुई थी। शादी को लेकर लड़की पक्ष द्वारा काफी भव्य तैयारियां की गई थीं। बारात के स्वागत के लिए गांव को सजाया गया था और मेहमानों के लिए भोज-भंडारे की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। गुरुवार की रात बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ बारात कमड्डी गांव पहुंची। सेहरा बांधे दूल्हा रथ पर सवार होकर बारात के साथ समारोह स्थल तक पहुंचा। शुरुआती रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं, लेकिन इसी बीच दूल्हे के कुछ दोस्तों ने मजाक में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया।
इसके बाद दूल्हे की हालत अचानक बिगड़ने लगी। वह लड़खड़ाने लगा और अजीब तरह की हरकतें करने लगा। जब वरमाला के लिए मंच पर मौजूद दुल्हन और उसके परिजनों को दूल्हे की इस हालत की जानकारी मिली तो दुल्हन ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद शादी समारोह में हंगामा मच गया और दोनों पक्षों के बीच देर रात तक तीखी नोकझोंक होती रही। पूरे गांव में रात भर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। शुक्रवार सुबह जब दूल्हे की स्थिति सामान्य हुई, तब दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई। करीब पांच घंटे तक चली बातचीत के बाद आपसी सहमति बनी और अंततः पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई। इसके बाद दुल्हन को विधिवत विदा कर दिया गया। यह घटना पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही और लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।



