Bihar: रोहतास, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. सत्य प्रकाश ने गंभीर अनुशासनहीनता और महिला के साथ गलत आचरण के मामले में सख्त कदम उठाते हुए पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) अमरनाथ कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद सोमवार को यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, अमरनाथ कुमार वर्तमान में कैमूर जिला पुलिस बल में तैनात थे। हालांकि यह मामला वर्ष 2022 का है, जब वे रोहतास जिले के दिनारा थाना में पदस्थापित थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उस दौरान एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने इसकी विस्तृत जांच कराई थी। जांच के दौरान महिला द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए और एसआई का आचरण पुलिस सेवा की गरिमा के विपरीत माना गया। इसके बाद एसपी ने कार्रवाई की अनुशंसा की थी।
एसपी की रिपोर्ट और विभागीय जांच के आधार पर डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश ने अमरनाथ कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया। डीआईजी ने कहा कि इस तरह की हरकत न केवल पीड़ित महिला के लिए पीड़ादायक है, बल्कि इससे पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में इस तरह के आचरण के लिए कोई जगह नहीं है और इस कार्रवाई से अन्य कर्मियों को भी सख्त संदेश जाएगा।



