Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लड़की का पीछा कर की गई कथित बोलबाजी
पुलिस को दिए गए फर्द बयान के अनुसार, 25 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पीड़ित परिवार की एक लड़की गांव के मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के ही सुहैल शाह और बबलू शाह उसका पीछा करते हुए कथित तौर पर बोलबाजी करने लगे।
घर पहुंचने के बाद लड़की ने इस घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। इसके बाद अंकुर तिवारी और उनके भतीजे श्रवण तिवारी शिकायत लेकर आरोपी सुहैल शाह के घर पहुंचे और उसके पिता अलीशेर शाह से बात करने लगे।
शिकायत करने पर शुरू हुई मारपीट
आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और अलीशेर शाह, उसके पुत्र समेत घर के अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अंकुर तिवारी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि श्रवण तिवारी को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए चंदौली स्थित कमलापति त्रिपाठी अस्पताल ले गए। वहां सीटी स्कैन में अंकुर तिवारी के सिर में खून जमने की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
परिजन अंकुर तिवारी को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि वे अभी भी बेहोशी की हालत में हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलीशेर शाह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को विधि विरुद्ध निरुद्ध किया गया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।



