Homeदुर्गावतीदो कारों से 66 किलो से अधिक गांजा बरामद, 4 गिरफ्तार और...

दो कारों से 66 किलो से अधिक गांजा बरामद, 4 गिरफ्तार और 4 नाबालिग निरुद्ध, 70 लाख रुपये आंकी गई गांजे की कीमत

दुर्गावती में 66.330 किलो गांजा जब्त, 8 पकड़े गए; दो कारें बरामद

Bihar: कैमूर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान दुर्गावती पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। एनएच-19 पर धनेक्षा पेट्रोल पंप के समीप की गई कार्रवाई में पुलिस ने 66 किलो 330 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी कारों और आठ स्मार्टफोन को भी पुलिस ने जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मामले का खुलासा करते हुए सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान दुर्गावती थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एनएच-19 के दक्षिणी लेन में धनेक्षा पेट्रोल पंप के पास दो संदिग्ध कारें खड़ी हैं, जिनका इस्तेमाल गांजा तस्करी के लिए किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों की घेराबंदी की और तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान सफेद रंग की मारुति XL6 कार (UP53 FR 8654) से 66 किलो 330 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। वहीं, दूसरी सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (UP53 FQ 7868) तस्करी में लाइनर वाहन के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, एक कार में गांजा रखा गया था, जबकि दूसरी कार आगे चलकर रास्ते की निगरानी करने और तस्करी के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने का काम कर रही थी।

गोरखपुर के चार आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग भी निरुद्ध

पुलिस की इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ शुक्ला (20 वर्ष), पिता श्यामनारायण शुक्ला, निवासी खखाइजखोर, थाना बड़हलगंज; रवि कुमार भारती (19 वर्ष), पिता राजेश, निवासी पंजरीआ, थाना रामगढ़ताल; बदना निषाद (23 वर्ष), पिता कोदई निषाद, निवासी बडगाना, थाना सहजनवा तथा चंदसा निषाद (29 वर्ष), पति कृष्णा निषाद, निवासी अमरूद मंडी, थाना राजघाट, जिला गोरखपुर शामिल हैं। इनके अलावा चार नाबालिगों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पुलिस ने मौके से दोनों कारों के साथ आठ स्मार्टफोन जब्त किए हैं।

तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

इस मामले में दुर्गावती थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस गांजे की खरीद-बिक्री, इसके स्रोत और निर्धारित सप्लाई ठिकाने का पता लगाना है। इसके साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरोह के दूसरे राज्यों से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments