Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शुरुआत में ट्रेनों में जांच के दौरान कोई ठोस सुराग नहीं मिला, लेकिन जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान दो युवकों की हरकतें संदिग्ध लगीं। पूछताछ में उनकी पहचान संजय यादव और पलटू सहनी के रूप में हुई, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान संजय यादव की निशानदेही पर पुलिस ने महेशपुर में उसके किराए के मकान पर छापा मारा। मकान के एक कमरे में बने गुप्त तहखाने से झोले में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में आभूषण बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में करीब 500 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी के गहने शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बरामद गहनों में सोने के कंगन, चेन, लॉकेट, मोती माला, चूड़ियां, मांग टीका और चांदी के पायल व जितिया समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से विदेशी मुद्रा भी मिली है, जिसमें अमेरिकी डॉलर, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया की करेंसी शामिल है।पुलिस के मुताबिक, संजय यादव मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसका संबंध एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह से होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं दूसरा आरोपी पलटू सहनी परबत्ता राघोपुर का निवासी बताया गया है। पूछताछ में दोनों ने शहर के दो ज्वेलर्स के नाम भी बताए हैं, जिन्हें फिलहाल पुलिस निगरानी में रखे हुए है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में करीब 15 और सदस्य शामिल हो सकते हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ट्रेन में यात्रियों की पॉकेटमारी कर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके पास से पॉकेटमारी में इस्तेमाल होने वाला ब्लेड भी बरामद किया गया है।



