Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शनिवार को समाप्त हो गई। नामांकन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 तक तीन पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी शुभम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि मेढ़, सिकंदरपुर और नंदगांव पैक्स में अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए चुनाव होना है। नामांकन की प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू होकर 7 मार्च तक चली, जिसमें प्रत्याशियों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना आवेदन जमा किया।
नंदगांव पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए बलवंत सिंह, विनोद सिंह और बाल्मीकि यादव ने नामांकन किया है। वहीं सदस्य पद के लिए सामान्य वर्ग से तीन अन्य और दो महिला, बीसी वर्ग से एक अन्य और एक महिला, ईबीसी वर्ग से एक अन्य और एक महिला तथा एससी-एसटी वर्ग से एक अन्य और एक महिला ने आवेदन दिया है।
सिकंदरपुर पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए विभूति सिंह और शकुंतला देवी ने नामांकन किया है। सदस्य पद के लिए सामान्य वर्ग से छह अन्य और दो महिला, बीसी वर्ग से एक अन्य और एक महिला, ईबीसी वर्ग से छह अन्य और एक महिला तथा एससी-एसटी वर्ग से एक अन्य और दो महिला उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
वहीं मेढ़ पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए लाल बहादुर बिंद, संजय प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार सिंह और भूपेंद्र कुमार सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। सदस्य पद के लिए सामान्य वर्ग से आठ अन्य और दो महिला, बीसी वर्ग से दो अन्य और दो महिला, ईबीसी वर्ग से एक महिला तथा एससी-एसटी वर्ग से दो अन्य और एक महिला उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।
निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 9 और 10 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 11 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद 18 मार्च को मतदान कराया जाएगा तथा उसी दिन मतगणना कर विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।



