Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
358 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ हुई थी गिरफ्तारी
मामला 3 सितंबर 2026 का है। मद्यनिषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मारुति सुजुकी कार से 358.350 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की थी। इस कार्रवाई के दौरान हरियाणा निवासी दीपक को गिरफ्तार किया गया था। मामले में उत्पाद थाना कांड संख्या 429/26 दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भभुआ स्थित उत्पाद हाजत में रखा गया था। हालांकि, 4 सितंबर की सुबह जांच के दौरान आरोपी हाजत में मौजूद नहीं मिला। इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया और घटना की जानकारी तत्काल जिला पदाधिकारी को दी गई।
CCTV खंगालने के बाद सामने आई सुरक्षा व्यवस्था में चूक
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मद्यनिषेध अधीक्षक को पूरे प्रकरण की जांच करने और लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश के बाद उत्पाद विभाग ने हाजत में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में हाजत की सुरक्षा में तैनात गृहरक्षकों की भूमिका संदिग्ध और लापरवाहीपूर्ण पाई गई। इसके बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मद्यनिषेध अधीक्षक ने जिला समादेष्टा, कैमूर को पत्र भेजकर हाजत में प्रतिनियुक्त तीनों गृहरक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई की।
अब तय होगी अन्य कर्मचारियों की भी जिम्मेदारी
मामले की तह तक पहुंचने के लिए मद्यनिषेध विभाग ने विस्तृत जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी के फरार होने में किन-किन लोगों की भूमिका रही और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई। जिला प्रशासन के निर्देश पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम और अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
लापरवाही पर प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, नियमों की अनदेखी या संदिग्ध संलिप्तता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उत्पाद थाना हाजत से आरोपी के फरार होने की घटना को लेकर विभागीय जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना है।



