Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के दुबे के सरैया गांव में अश्लील गाना बजाने का विरोध करना एक वृद्ध को महंगा पड़ गया। विरोध करने पर कुछ लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के बाद पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार दुबे के सरैया निवासी 60 वर्षीय बद्री गौड़, पिता रामधार गौड़ ने चैनपुर थाने में दिए आवेदन में बताया कि 4 मार्च 2026 की दोपहर करीब 2 बजे गांव के ही संतोष खरवार, राजकुमार खरवार, मनोज खरवार और विशाल खरवार सहित कुछ अन्य लोग तेज आवाज में अश्लील गाने बजा रहे थे।
बद्री गौड़ ने जब इसका विरोध करते हुए गाना बंद करने को कहा तो आरोप है कि सभी लोग भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान बद्री गौड़ के सिर में गंभीर चोट लग गई और उनका सिर फट गया।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।



