Bihar, कैमूर: जिले के भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में बुधवार को एनडीए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम में चैनपुर विधायक सह अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, भभुआ जदयू विधायक भरत बिंद, मोहनिया विधायक सुनीता कुमारी और रामगढ़ विधायक अशोक सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार का चौमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में भय का कोई माहौल नहीं है और लोग भयमुक्त होकर जीवन जी रहे हैं। रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संबोधन
सीएम नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है और हर जिले में विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कैमूर जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा—
सभी अनुमंडलों में आईटीआई कॉलेज खोले गए हैं।
भभुआ में जननायक करपुरी ठाकुर छात्रावास का निर्माण हुआ है।
मोहनिया में अनुसूचित जाति-जनजाति आवासीय विद्यालय खुला है।
भभुआ के रामपुर प्रखंड में पैरामेडिकल कॉलेज खोला गया है।
अधौरा में डिग्री कॉलेज स्थापित किया जा रहा है।
कैमूर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू होगा।
चैनपुर विधानसभा में सोन नदी-कोहिरा नदी लिंक परियोजना पर काम जारी है।
मोहनिया में बाईपास का निर्माण हो रहा है।
अधौरा पहाड़ पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं।
मां मुंडेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कार्य कराए गए हैं।
महिलाओं और रोजगार पर फोकस
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की और बिहार देश का पहला राज्य है जहां सबसे ज्यादा महिला पुलिस बल की नियुक्ति हुई है।
उन्होंने बताया कि अब तक 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी दी जा चुकी है और अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। रसोईया, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, कृषि सलाहकार आदि का वेतन दोगुना किया गया है। वहीं वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है।
केंद्र सरकार के सहयोग का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बिहार को विशेष पैकेज के तहत बड़ी राशि दी है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।