कैमूर (चैनपुर): होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और अश्लील गाने बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

डीजे बैन, सिर्फ एक साउंड बॉक्स की अनुमति
बैठक की जानकारी देते हुए चैनपुर बीडीओ शुभम प्रकाश ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत होली में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल एक छोटे साउंड बॉक्स की अनुमति होगी, वह भी बिना अश्लील गीतों के। उन्होंने सभी नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
अफवाहों से बचें, कानून हाथ में न लें
प्रभारी सीओ बब्बन पाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। खासकर इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। यदि किसी पर संदेह हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, खुद से कोई कार्रवाई न करें। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की तैनाती रहेगी।
शोभायात्रा के लिए लेनी होगी अनुमति
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा के लिए पहले चैनपुर थाना में आवेदन देना होगा तथा भभुआ एसडीओ से अनुमति लेना अनिवार्य होगा, ताकि विधि-व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
हाटा नगर पंचायत में जाम से निपटने की तैयारी
नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल ने बैठक में जाम की समस्या उठाते हुए होली के दौरान बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण होली को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में नगर पंचायत हाटा की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतीक्षा प्रजापति, इंस्पेक्टर मनोज कुमार, थानाध्यक्ष विजय प्रसाद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पैक्स अध्यक्ष, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे।



