Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उर्दू मध्य विद्यालय सिकंदरपुर में होली मिलन समारोहचैनपुर प्रखंड के सिकंदरपुर स्थित उर्दू मध्य विद्यालय में विशेष रूप से सौहार्द और भाईचारे का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुस्तकालय सभाकक्ष में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं रसोइयों को मीठा, अबीर-गुलाल और रूमाल देकर होली की शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही कि रमजान के पाक महीने के दौरान भी सभी समुदाय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मुस्लिम शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को गुलाल लगाकर बधाई दी और उपहार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में होली जैसे त्योहार को आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। होली भले ही रंगों का त्योहार है, लेकिन इसका वास्तविक संदेश प्रेम और एकता का रंग फैलाना है। विद्यालय की शिक्षिका कुमारी कमलेश सिंह यादव एवं कुमारी संगीता सिंह ने भी प्रधानाध्यापक को होली का उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




बच्चों में दिखा खास उत्साह
प्रखंड के अन्य विद्यालयों में भी बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी व्यक्त की। रंगों में सराबोर बच्चे मानो आज ही होली का मुख्य दिन मना रहे हों। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया और त्योहार की परंपरा व महत्व की जानकारी दी।
सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण होली की अपील
इसी बीच प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अंशु कुमार ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों से अपील की कि होली को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य समाज में प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देना है, इसलिए सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ इस पर्व को मनाएं। कुल मिलाकर, होली की छुट्टी से पहले विद्यालयों में रंगों की यह छटा सामाजिक एकता, साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का प्रेरक संदेश देती नजर आई।





