Bihar, कैमूर (चैनपुर): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में बाइक चोरी की एक नई घटना सामने आई है। भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में स्थित मोती हलवाई के होटल के सामने खड़ी बाइक को चोरों ने कुछ ही मिनटों में पार कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदुरना गांव निवासी कौशल्या कुमारी ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर बताया कि उनके बड़े भाई अजय कुमार सिंह 19 फरवरी को हाटा बाजार खरीदारी के लिए गए थे। बाजार पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी बाइक मोती हलवाई के होटल के सामने खड़ी की और नाश्ता करने अंदर चले गए।
बताया जाता है कि नाश्ता कर जब वे बाहर लौटे तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। पहले तो उन्हें लगा कि शायद किसी ने मजाक में हटा दी हो, लेकिन आसपास खोजबीन करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। बाजार क्षेत्र और आसपास के स्थानों पर काफी तलाश की गई, परंतु बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
घर लौटकर अजय कुमार सिंह ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने भी अपने स्तर से छानबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः थक-हारकर चैनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई।
मामले की पुष्टि करते हुए चैनपुर प्रभारी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी है। बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से बाजार आने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



