Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में पुराने विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना में एक महिला और उसका पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दरवाजे पर पहुंचकर की गाली-गलौज और मारपीट
मामले को लेकर पिंटू कुमार यादव (पिता–स्व. रमेश यादव) ने चैनपुर थाने में दिए आवेदन में बताया कि 8 मार्च की दोपहर करीब 1:30 बजे गांव के अजय यादव और मनीष यादव (ग्राम धरहरा) उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने पिंटू यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दरवाजे पर खड़ी उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी का साइड शीशा भी तोड़ दिया।
बीच-बचाव करने आई मां भी हुई घायल
शोर-शराबा सुनकर जब पिंटू यादव की मां बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना की सूचना तत्काल चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद दोनों घायलों का इलाज कराया गया और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मनीष यादव (पिता–गोरख यादव, ग्राम धरहरा) को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।



