कैमूर (बिहार): जिले के चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत हाटा में राजस्व महाअभियान के तहत जमाबंदी पंजी का वितरण कार्य तेज़ी से चल रहा है। नगर पंचायत के सभी 11 वार्डों में यह कार्य किया जा रहा है, जिसमें लगभग 13 कर्मियों की टीम लगातार जुटी हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल ने जानकारी दी कि जमाबंदी पंजी वितरण के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में राजस्व महाअभियान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य रैयतदारों की विभिन्न समस्याओं का समाधान करना है।
अध्यक्ष ने बताया कि 10, 11, 18 और 19 सितंबर को हाटा नगर पंचायत परिसर में विशेष राजस्व महाअभियान शिविर का आयोजन होगा। इन शिविरों में जमाबंदी पंजी से संबंधित सुधार कार्य किए जाएंगे। इसमें खाता संख्या, प्लॉट संख्या, रैयतदारों का नाम और अन्य महत्वपूर्ण प्रविष्टियों की जांच कर त्रुटियों को दूर किया जाएगा।
राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले लोगों को छोटे-छोटे सुधार या जमाबंदी से जुड़े मसलों के लिए बार-बार दफ्तरों का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब एक ही जगह पर उनकी समस्याओं का समाधान होगा।
स्थानीय लोगों ने इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि यदि सही तरीके से शिविर आयोजित हुआ तो बड़ी संख्या में रैयतदारों की वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान संभव होगा।



