Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सभा कक्ष में अचानक पहुंचकर चलाई गोली
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 31 मार्च 2026 की शाम करीब 4 बजे नगर पंचायत हाटा कार्यालय के सभा कक्ष में अचानक दो व्यक्ति पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकाने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। बताया गया कि चलाई गई गोली सभा कक्ष में लगे एसी के ऊपर दीवार में जाकर लगी, जिसका निशान अब भी वहां मौजूद है। घटना के बाद जब कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो वहां मौजूद लोगों ने आरोपियों की पहचान पीयूष पांडे और करण तिवारी के रूप में की। प्राथमिकी में यह भी बताया गया है कि गोली चलाने वाला व्यक्ति पीयूष पांडे था।
टैक्स जमा करने के दौरान मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, उस दिन होल्डिंग टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि थी। इसी कारण नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बड़ी संख्या में लोग टैक्स जमा करने पहुंचे थे और कर्मचारी भी कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद से नगर पंचायत के कर्मियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।



