कैमूर (बिहार): चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुगलपुरवा मोहल्ले में 10 अगस्त 2024 को हुए जमीनी विवाद से जुड़े हत्या मामले में कुर्की जब्ती के तहत ज़ब्त किए गए सभी सामानों को न्यायालय के आदेश पर सोमवार को पुलिस ने रिलीज कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उक्त मामले में रजाउल हक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी तो हुई थी, लेकिन मुख्य आरोपी कौसर अंसारी फरार चल रहा था। उसके फरार रहने के दौरान न्यायालय के निर्देश पर चैनपुर पुलिस द्वारा कुर्की–जब्ती की कार्रवाई की गई थी। बाद में आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
क्या था मामला?
10 अगस्त 2024 को मुगलपुरवा में वसीर अंसारी द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा था। उसी दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक पहुंच गया और आरोप है कि कौसर अंसारी ने रजाउल हक को गोली मार दी। उपचार के दौरान रजाउल हक की मौत हो गई थी, जबकि एक घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य आरोपी के फरार रहने पर उसकी संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई की गई। कुछ समय बाद कौसर अंसारी ने कोर्ट में समर्पण किया।
थानाध्यक्ष का बयान
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि— “हत्या मामले में न्यायालय के आदेश पर कुर्की–जब्ती की कार्रवाई की गई थी। अब आरोपी के आत्मसमर्पण करने के बाद न्यायालय से कुर्की किए गए सामानों को वापस करने का आदेश मिला था। आदेश के अनुपालन में सोमवार को सभी सामान, गहने और नगद राशि विधिवत रूप से संबंधित पक्ष को सौंप दी गई है।”



