Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बेहोश मिली बुजुर्ग महिला से खुला मामला
घटना 21 मार्च 2026 की है, जब मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुगिया देवी बेहोशी की हालत में पाई गईं। मौके पर मौजूद रेल पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद होश आने पर महिला ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर एक पुरुष और महिला, जिनके साथ एक छोटा बच्चा भी था, उनके पास आकर बैठ गए और बातचीत के दौरान उन्हें ठंडा पेय पिलाया।
पेय पीने के कुछ ही देर बाद उन्हें चक्कर आने लगा और वे बेहोश हो गईं। होश आने पर उन्होंने पाया कि उनके गले से सोने की ‘जितिया’ और नाक की ‘नोजपिन’ गायब थी।
सीसीटीवी जांच से संदिग्धों की पहचान
मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर संदिग्ध दंपति की पहचान की गई।
इसके बाद 22 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर संदिग्ध स्थिति में मौजूद पंकज और संयोगिता को उनके बच्चे के साथ हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, कई सामान बरामद
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। वहीं पीड़िता ने भी उनकी पहचान की पुष्टि की है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से सोना तौलने वाली छोटी इलेक्ट्रॉनिक मशीन, एक टैबलेट और लोहे का छोटा कटर बरामद किया है।
गिरोह से जुड़े होने की आशंका, जांच जारी
रेल पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह दंपति किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं है या पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों में राहत का माहौल देखा गया।



