Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

“सुरक्षा” का डर दिखाकर बनाया शिकार
पीड़ित बच्चु पाहुजा, जो आजाद चौक स्थित हैप्पी बेकरी से जुड़े हैं, बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रोक लिया और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि इतने गहने पहनकर चलना खतरे से खाली नहीं है। उसने सख्ती दिखाते हुए तुरंत चेन और अंगूठी उतारने को कहा, जिससे पीड़ित उसके झांसे में आ गए। ठग ने गहनों को “सुरक्षित रखने” का भरोसा दिलाते हुए उन्हें कागज में लपेटकर रुमाल में बांधने को कहा। इसी दौरान उसने बेहद चालाकी से असली गहनों की जगह पत्थर रखकर पोटली बदल दी। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को कुछ समझ ही नहीं आया।
घर पहुंचते ही हुआ खुलासा
जब बच्चु पाहुजा घर पहुंचे और पोटली खोली, तो उसमें गहनों की जगह पत्थर मिले। तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी रतन कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर अपने कीमती सामान न सौंपें और सतर्क रहें।



