Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
विकास योजनाओं का किया जिक्र, विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार से पहले राज्य की स्थिति काफी खराब थी और लोग शाम के बाद घर से निकलने में भी डरते थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में लगातार विकास हुआ है। जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर इस राशि को और बढ़ाया जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि बिहार के हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज और हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

डिप्टी सीएम बोले—20 वर्षों में बदली बिहार की तस्वीर
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में लगातार विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री समय-समय पर विकास यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के माध्यम से जनता से सीधे संवाद करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में 2.16 करोड़ घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचाया गया है और चारों ओर विकास दिखाई दे रहा है। पहले कैमूर का इलाका जंगल और पहाड़ के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब यहां इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान खुल चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कैमूर के जंगल क्षेत्र में हाई सिक्योरिटी जेल बनाने की योजना है, जहां खतरनाक अपराधियों को रखा जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के विकास को आगे बढ़ा रही है।
मंत्रियों ने गिनाए सरकार के विकास कार्य
कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार विकास से काफी दूर था, लेकिन अब हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है। वहीं जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में चौमुखी विकास हो रहा है और कई महत्वपूर्ण जल परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जमनिया जल परियोजना के तहत गंगा नदी के पानी को लिफ्ट कर कर्मनाशा नदी तक लाया जाएगा, जिससे कैमूर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इसके अलावा दुर्गावती जलाशय के पानी को शुद्ध कर भभुआ और मोहनिया शहरों में पेयजल आपूर्ति की योजना भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई दशकों से रुकी दुर्गावती जलाशय योजना को अब आगे बढ़ाया गया है और इससे जिले के विकास को गति मिलेगी।
अल्पसंख्यक समाज के विकास पर भी दिया जोर
चैनपुर विधानसभा के विधायक सह अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ऐसे नेता हैं जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में मुस्लिम समाज के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक समाज के बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय सहित कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे उनके शिक्षा और विकास को बढ़ावा मिल रहा है।
सिंचाई और जल योजनाओं पर विशेष जोर
जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि कैमूर जिले के विकास में मुख्यमंत्री का विशेष योगदान है। उन्होंने बताया कि दुर्गावती जलाशय से पानी को शुद्ध कर शहरों तक पहुंचाने की योजना शुरू की गई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के जमनिया क्षेत्र से गंगा जल को लिफ्ट कर कर्मनाशा नदी में लाने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे कैमूर के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सोन नदी के अतिरिक्त पानी को कोहिरा नदी में राजपुर बैराज के माध्यम से मिलाकर चैनपुर और भगवानपुर इलाके के किसानों को लाभ पहुंचाने की योजना भी बनाई गई है।
आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन और बच्चों से मुलाकात
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नौघरा खेल मैदान के सामने बने नए आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने उन्हें गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत भी की और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में भभुआ विधायक भरत बिंद, मोहनिया विधायक सुनीता कुमारी, रामगढ़ के पूर्व विधायक अशोक सिंह, एमएलसी संतोष सिंह सहित भाजपा और जदयू के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समृद्धि यात्रा के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम से कैमूर जिले में विकास योजनाओं को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।




