Home चैनपुर विवाहिता की आत्महत्या मामले में नया मोड़, पति गिरफ्तार

विवाहिता की आत्महत्या मामले में नया मोड़, पति गिरफ्तार

चैनपुर में विवाहिता आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार, जांच में आया नया मोड़

गिरफ्तार पति अनिल कुमार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में 15 मई 2026 को विवाहिता राजवंती कुमारी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस अनुसंधान के दौरान नया तथ्य सामने आया है। मामले में पुलिस ने विवाहिता के पति अनिल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, राजवंती कुमारी ने अपने घर में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतका के भाई राम लखन कुमार, निवासी जिगनपुरवा थाना भभुआ, के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News
प्राथमिकी में मृतका के भाई ने बताया था कि राजवंती कुमारी की शादी करीब चार से पांच वर्ष पूर्व अनिल कुमार के साथ दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे। आरोप के मुताबिक, कुछ समय पूर्व भदौरा गांव निवासी मनोहर पासवान राजवंती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में खोजबीन कर उसे वापस अनिल कुमार के पास पहुंचाया गया था। परिजनों का आरोप था कि इसके बाद मनोहर पासवान द्वारा राजवंती पर दोबारा भाग जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी दबाव और मानसिक परेशानी के कारण राजवंती ने आत्महत्या कर ली।

चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक शिकायत में मनोहर पासवान को आरोपित किया गया था। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की तो अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि मृतका के पति अनिल कुमार द्वारा भी राजवंती पर काफी दबाव बनाया जाता था। पुलिस के अनुसार, इस दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और आत्महत्या के कारणों में पति की भूमिका भी सामने आई। अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने अनिल कुमार को अप्राथमिकी अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

 

Exit mobile version