Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। इस झड़प में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति घायल हो गए। घायलों का इलाज चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पहले पक्ष का आरोप
पहले पक्ष के जीतू कुमार गौड़ (पिता–सुदर्शन गौड़) ने बताया कि 7 मार्च की सुबह करीब 9 बजे गांव के ही बबुआ शाह और टुनटुन शाह (पिता–सेराजुद्दीन शाह) उनके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए डंडा व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें चोटें आईं। किसी तरह मौके से भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से वह चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने इलाज के लिए चैनपुर सीएचसी भेजा। उपचार के बाद उन्होंने थाने में लिखित आवेदन दिया।
दूसरे पक्ष की भी शिकायत
वहीं दूसरे पक्ष के फूल मोहम्मद हुसैन (पिता–सेराजुद्दीन हुसैन) ने आरोप लगाया कि पूर्व के विवाद को लेकर उनका छोटा भाई अमजद हुसैन जब लोदीपुर स्थित विद्यालय पढ़ने जा रहा था, तभी गांव के जीतू कुमार ने उसे घेरकर मारपीट की। इस दौरान अमजद हुसैन के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे सुदर्शन गौड़ ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। घायल को लेकर वे चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए सीएचसी भेजा।
पुलिस का बयान
मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



