बिहार, रोहतास: जिले के अगरेर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां महज पांच महीने पहले शादी कर ससुराल आई बहू ने पति, ससुर और देवर को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। गुरुवार की देर रात हुई इस वारदात में पति विशाल चौधरी और ससुर बेचन चौधरी की मौत उसी दिन हो गई थी। जबकि घायल देवर विकास कुमार ने शुक्रवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक परिवार मूल रूप से बक्सर जिले के धनसोई का रहने वाला था और अगरेर में किराए के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। मृतक की पत्नी और आरोपित महिला का नाम धनौती कुमारी बताया गया है। पुलिस ने घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2025 को ही धनौती की शादी विशाल चौधरी से हुई थी। शादी के महज पांच महीने बाद ही उसने पति, ससुर और देवर को भोजन में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया। परिवार की महिला मुखिया यानी सास पहले ही गुजर चुकी थीं। घर में सिर्फ तीन पुरुष सदस्य और आरोपी महिला ही रह रही थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक की विवाहित बहनें अपने मायके पहुंचीं और पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने गुरुवार को पति और ससुर का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कराया था। शुक्रवार को देवर विकास के शव का भी पोस्टमार्टम कराया गया।
इस पूरे मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब मरने से पहले ससुर बेचन चौधरी ने एक पत्र लिखकर अपनी बहू की करतूत का जिक्र किया। वही पत्र अब पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गया है।