Bihar, कैमूर/चैनपुर: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटका लोहार में पूर्व के विवाद और रंजिश को लेकर मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। मामले में पीड़ित परिवार की ओर से छह लोगों के खिलाफ चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रात में सोने जा रहे युवक पर हमला
पीड़िता बुधनी कुंवर, पति स्वर्गीय बचाऊ यादव, निवासी छोटका लोहार, द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार 31 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे उनका पुत्र कमलेश यादव खाना खाने के बाद दलान में सोने जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही अर्जुन ठाकुर, श्याम बाबू ठाकुर, महाबली ठाकुर और लालबाबू ठाकुर सहित अन्य लोगों ने एकजुट होकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
मारपीट में कमलेश यादव का हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के बाद जाते समय आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
राशन चोरी की शिकायत से जुड़ा है विवाद
पीड़ित महिला का आरोप है कि हमलावर पक्ष के सभी लोग गांव के सरकारी राशन डीलर हैं। पूर्व में उनके द्वारा राशन चोरी की शिकायत चैनपुर प्रशासन और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से की गई थी। उस दौरान एक ट्रैक्टर चावल लदा हुआ जब्त भी किया गया था, लेकिन बाद में कथित रूप से प्रशासनिक मिलीभगत से मामला रफादफा करा लिया गया। उसी पुरानी रंजिश को लेकर यह हमला किया गया। पीड़िता के अनुसार, जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपियों में से लालबाबू ठाकुर, पिता मिम ठाकुर, को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



