बिहार, कैमूर: जिले में मत्स्य पालन और मछली विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार (18 फरवरी 2026) को पूर्वाह्न 10:30 बजे जिला मुख्यालय में किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला मत्स्य कार्यालय द्वारा किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी ने ‘मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना’ के अंतर्गत 30 चयनित लाभार्थियों को शिकारमाही एवं विपणन किट निःशुल्क प्रदान किए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

क्या-क्या मिला किट में?
प्रत्येक लाभार्थी को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किट दी गई, जिसमें शामिल हैं: 25 लीटर का आइस बॉक्स (मछली को ठंडा व सुरक्षित रखने हेतु), 25 लीटर की हांडी, फेंका जाल/गिल नेट, इलेक्ट्रॉनिक बैलेंस (सटीक माप-तौल के लिए)
आय बढ़ाने की दिशा में पहल, जिला पदाधिकारी ने लाभार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि इन उपकरणों से मछुआरों को शिकारमाही और मछली बिक्री में सुविधा होगी।
मछलियों को अधिक समय तक ताजा और स्वच्छ रखा जा सकेगा, जिससे बाजार में बेहतर कीमत मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल मछुआरों की आमदनी में वृद्धि होगी, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी उचित मूल्य पर ताजी और सुरक्षित मछली उपलब्ध होगी।
अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी (भभुआ), जिला कृषि पदाधिकारी (कैमूर), जिला मत्स्य पदाधिकारी (कैमूर) समेत जिला मत्स्य कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।



