Homeचैनपुरमहाशिवरात्रि पर अमांव का श्रीदयाल नाथ धाम बना आस्था का केंद्र, वाराणसी...

महाशिवरात्रि पर अमांव का श्रीदयाल नाथ धाम बना आस्था का केंद्र, वाराणसी से कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालु

महाशिवरात्रि पर वाराणसी से पैदल पहुंचे श्रद्धालु, अमांव के श्रीदयाल नाथ महादेव मंदिर में हुआ भव्य जलाभिषेक

कैमूर | चैनपुर (बिहार): महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राम पंचायत अमांव स्थित प्रसिद्ध श्रीदयाल नाथ स्वामी महादेव मंदिर में विशेष रूप से भव्य आयोजन हुआ, जहां दूर-दराज से आए भक्तों ने गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Shri Dayal Nath Swami Mandir
Shri Dayal Nath Swami Mandir

वाराणसी से पैदल कांवड़ यात्रा

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कई श्रद्धालु वाराणसी से पैदल यात्रा कर गंगाजल लेकर अमांव पहुंचे। भक्तों ने कठिन तपस्या और आस्था के साथ कांवड़ यात्रा पूरी कर मंदिर में जलाभिषेक किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।

मध्यरात्रि रुद्राभिषेक और सुबह से दर्शन

महाशिवरात्रि की रात्रि में विशेष रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। मध्यरात्रि के बाद पूजा-अर्चना के उपरांत सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद दोपहर तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

मंदिर समिति के कार्यकर्ताओं — बलदेव सिंह पटेल, प्रभात सिंह, पीयूष सिंह और अनुज यादव — ने बताया कि यह वार्षिक पूजा उत्सव पूरे ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जाता है, जिसमें हजारों भक्त भाग लेते हैं।

श्रद्धालुओं की अटूट आस्था

स्थानीय मान्यता है कि श्रीदयाल नाथ स्वामी महादेव के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है। यही कारण है कि महाशिवरात्रि पर यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

सुरक्षा और व्यवस्था रही चाक-चौबंद

भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। मजिस्ट्रेट के रूप में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अंशु कुमार तैनात रहे। महिला एवं पुरुष पुलिस बल ने कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को दर्शन कराया। इसके अलावा खरिगांवा, हाटा, चैनपुर और मदुरना सहित अन्य पंचायतों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments