Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हाटा बाजार में पूजा पंडालों की रौनक, मेले में उमड़ी भीड़
महाअष्टमी के अवसर पर हाटा बाजार के विभिन्न पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। हाटा सहित आसपास के कई गांवों से महिला, पुरुष और बच्चे माता के दर्शन करने तथा सजे-धजे पूजा पंडालों को देखने पहुंचे। पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक रूप दिया गया है। रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजे पंडाल सूर्यास्त के बाद रोशनी से जगमगा उठते हैं। पूजा स्थलों के आसपास लगे मेले में भी अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूरे बाजार में उत्सवी माहौल बना रहा।
महागौरी की पूजा-अर्चना, महिलाओं ने भरा खोंइछा
नवरात्र की आठवीं तिथि पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने परंपरा के अनुसार माता का खोंइछा भरकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। मंदिरों और पूजा पंडालों में दिनभर भजन, पूजा-पाठ और दर्शन का सिलसिला जारी रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद
नवरात्र के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। चैनपुर, हाटा, सिकंदरपुर सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि नवरात्र के दौरान किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और न ही अफवाहों पर ध्यान दें। साथ ही असामाजिक तत्वों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रखी जा रही है।
पूजा पंडालों का निरीक्षण, समितियों को दिए गए निर्देश
महाअष्टमी के अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। वहीं, हाटा बाजार के केशव नगर स्थित पूजा पंडाल में नवरात्र के दौरान विशेष महाआरती का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर पूजा समिति की ओर से मां को 56 भोग अर्पित किया जाता है। महाअष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ और पूजा-अर्चना के आयोजनों से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।