Homeरामपुरमतदाता सूची विवाद ने बढ़ाया बवाल: भीतरीबांध पैक्स चुनाव टला, समर्थकों की...

मतदाता सूची विवाद ने बढ़ाया बवाल: भीतरीबांध पैक्स चुनाव टला, समर्थकों की भिड़ंत में कई घायल

भीतरीबांध पैक्स चुनाव स्थगित: मतदाता सूची विवाद में झड़प, 21 पर FIR दर्ज

Bihar: कैमूर जिले के रामपुर भीतरीबांध पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर शुरू हुआ मतदाता सूची विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के आरोपों के बीच बिहार निर्वाचन प्राधिकार ने चुनाव प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। वहीं शुक्रवार सुबह इस मुद्दे पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। जानकारी के अनुसार, निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल ने निर्वाचन प्राधिकार को शिकायत भेजकर आरोप लगाया था कि 53 लोगों के नाम नियम विरुद्ध मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 8 अप्रैल को चुनाव स्थगित कर दिया गया। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर मनोज कुमार जायसवाल और पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजकमल सिंह के समर्थक उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई, फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई और लाठी-डंडे की मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा साफ देखा जा सकता है। इस झड़प में मनोज कुमार जायसवाल और उनके भाई शिक्षक संतोष कुमार जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर में डॉ. रमेश कुमार द्वारा किया गया।

पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजकमल सिंह ने कहा कि कुल 148 लोगों ने नाम जोड़ने के लिए आवेदन दिया था, जिनमें से 53 नामों को लेकर विवाद पैदा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूची में नाबालिग छात्रों और दूसरे पंचायतों के लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं। साथ ही अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को उन्होंने निराधार बताया। वहीं मनोज कुमार जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही करमचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है। मनोज कुमार जायसवाल के आवेदन पर 21 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और निर्वाचन विभाग के अगले आदेश का इंतजार करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments